रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस आपदा पीड़ितों का दर्द बांटने का काम कर रही है और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता आपदा पीड़ित लोगों की सेवा कर रहे हैं, जबकि भाजपा आपदा के समय कुर्सी का खेल खेलने का काम कर रही है।
यह बात सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रुद्रप्रयाग के होटल ज्वाल्पा पैलेस में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से कही है। पत्रकार वार्ता के दौरान हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस आपदा पीड़ितों के साथ बढ़ चढ़कर कर सेवाभाव से काम कर रही है, परन्तु भाजपा सरकार आपदा के मानकों के तहत पीड़ितों को सहायता देने में नाकाम रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को मृतक के परिजनों के साथ साथ आपदा में लापता चल रहे लोगों के परिजनों को भी सहायता देने चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा में लोगों के मकान टूट गये हैं,साथ ही किसी का व्यवसाय खतम हो गया है। सरकार को उनके बैंक ऋण माफ कर बगैर ब्याज के ऋण देने के लिए पहल करनी चाहिए ताकि आपदा पीड़ित अपने पैरों पर खड़ा उठ सके।
उन्होंने केदारनाथ आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने तत्कालीन केदारनाथ आपदा के समय मुआवजा का मानक बदल कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई थी, परन्तु भाजपा सरकार आपदा के एक माह बीत जाने के बाद भी लोगों को राहत पहुंचाने में नाकाम रही है।उन्होंने कहा कि मंहगाई बढ़ने से सरकार को आपदा मुआवजा के मानकों में बदलाव करना चाहिए। ताकि लोग फिर से अपना सामान्य जीवन व्यतीत कर सके।
पेपर लीक मामले में हरीश रावत ने कहा है कि जबसे भाजपा सरकार आयी है तबसे पेपर लीक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पंचायतीराज के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि भाजपा सरकार पंचायतों का गला घोंटने का काम कर रही है, पंचायत चुनाव के दो महीने बाद भी कई पंचायतों का कोरम पूरा नहीं होने के कारण वहां विकास कार्य रुक गये हैं। कहा कि रुद्रप्रयाग व नैनीताल जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सरकार ने सीधे लोकतंत्र पर प्रहार कर लोकतंत्र की हत्या की है।
उन्होंने कहा कि वहां सरकार ने खुलेआम वोट पर डकैती डालने का काम किया है। उन्होंने कहा है कि यदि सरकार ने शीघ्र ही आपदा पीड़ितों की मदद के लिए तेजी से काम नहीं किया तो कांग्रेस कार्यकर्ता दीपावली के बाद आपदा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उत्तरकाशी से प्रदेश के सभी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकालेगी।
पत्रकार वार्ता में रुद्रप्रयाग विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे जखोली के पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, प्रमुख विनीता चमोली, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत,ज्येष्ठ उप प्रमुख नवीन सेमवाल,कनिष्ठ उप प्रमुख राजेन्द्र सिंह रावत, प्रधान संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भंडारी, अजय पुंडीर, दीपक भंडारी, सुरी बिजल्वाण, सुमित रावत आदि मौजूद थे।