उत्तराखंड के चमोली जिले में हाथी पर्वत क्षेत्र के पास एक सिविल हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई गई है। ट्रांस भारत कंपनी का यह हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड की ओर आ रहा था। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और तमाम बचाव एजेंसियां अलर्ट हो गईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सेना की सिग्नल सेंटर टीम ने संबंधित क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे तेजी से नीचे की ओर जाते हुए देखा, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं। वहीं, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण यानी यूकाडा के दो हेलीकॉप्टरों की मदद से घटनास्थल की हवाई रेकी की जा रही है। जमीनी और हवाई, दोनों स्तरों पर हेलीकॉप्टर तथा उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से फोन पर घटना की जानकारी लेते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी अधिकारियों को सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश, बेस अस्पताल श्रीनगर और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चिकित्सा दलों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। वहीं, देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से पूरे अभियान की निगरानी की जा रही है और जिला प्रशासन चमोली सहित सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।
फिलहाल, हेलीकॉप्टर की वास्तविक स्थिति और उसमें सवार यात्रियों के बारे में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। राहत एवं बचाव एजेंसियां घटनास्थल तक पहुंचने और सवार लोगों की तलाश के लिए अभियान में जुटी हुई हैं



