Sunday, November 29, 2026
spot_img
spot_img
Homeउत्तराखंडबच्चों को सिर्फ आधुनिक शिक्षा नहीं, अपनी माटी की कहानियां, लोकगीत और...

बच्चों को सिर्फ आधुनिक शिक्षा नहीं, अपनी माटी की कहानियां, लोकगीत और लोरियां भी सुनाइए -बंशीधर तिवारी

किसी अधिकारी की पहचान केवल उसके प्रशासनिक निर्णयों और जिम्मेदारियों से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वह अपने प्रदेश, समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को किस दृष्टि से देखता है। अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं महानिदेशक सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग बंशीधर तिवारी जी का आज का संबोधन इसी व्यापक सोच, संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का परिचायक रहा।

हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल के साहित्यिक योगदान पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जिस तरह उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, मातृभाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का सवाल उठाया, वह सामान्य भाषण से कहीं आगे की बात थी। उनके संबोधन में एक ऐसे व्यक्ति की चिंता दिखाई दी, जो समझता है कि विकास केवल सड़कों, भवनों और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार नहीं है, बल्कि अपनी पहचान और सांस्कृतिक जड़ों को बचाए रखना भी विकास का अनिवार्य हिस्सा है।

उनके संबोधन का सबसे प्रभावशाली और सोचने पर मजबूर करने वाला प्रसंग एक निजी विद्यालय का था। उन्होंने बताया कि एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक मौजूद थे। उन्होंने अभिभावकों से पूछा कि कितने माता-पिता अपने बच्चों को कहानियां, लोककथाएं, लोकगीत या लोरियां सुनाते हैं? हैरानी की बात यह रही कि इस सवाल पर एक भी अभिभावक ने हाथ नहीं उठाया।

बंशीधर तिवारी जी ने इस छोटे से उदाहरण के माध्यम से हमारे समय की एक बहुत बड़ी सामाजिक विडंबना उजागर कर दी। जिस समाज में दादी-नानी की कहानियां कभी बच्चों के संस्कारों की पहली पाठशाला हुआ करती थीं, जहां लोरियों में ममता और लोकगीतों में पहाड़ की आत्मा बसती थी, वहां आज अपनी लोककथाओं के लिए भी समय नहीं बचा है।

यहां बंशीधर तिवारी जी की सोच की गहराई समझने की जरूरत है। वे संस्कृति को केवल सरकारी संरक्षण का विषय नहीं मानते, बल्कि उसे परिवार, समाज और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की वकालत करते हैं। उनकी दृष्टि में लोकभाषा तभी बचेगी, जब घरों में बोली जाएगी; लोकगीत तभी जीवित रहेंगे, जब बच्चे उन्हें सुनेंगे और परंपराएं तभी आगे बढ़ेंगी, जब परिवार उन्हें निभाएंगे।

उनका यह चिंतन केवल चिंता व्यक्त करने तक सीमित नहीं है। ‘हमारी विरासत’ पुस्तक के माध्यम से चंद्रकुंवर बर्त्वाल जैसी महान साहित्यिक विभूतियों को स्कूली पाठ्यक्रम से जोड़ना, स्थानीय मातृभाषाओं को प्रोत्साहन देना और उत्तराखंड की लोकभाषाओं में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देना इसी सोच के व्यावहारिक उदाहरण हैं। लोकभाषा की फिल्मों के लिए सब्सिडी को 25 लाख से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये किए जाने और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहन मिलने का उल्लेख भी उन्होंने अपने संबोधन में किया।

चंद्रकुंवर बर्त्वाल का स्मरण करते हुए बंशीधर तिवारी ने वस्तुतः उत्तराखंड के भविष्य की बात की। उनकी कविताओं में संरक्षित पहाड़, नदियां, झरने और पर्वतीय जीवन तभी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेंगे, जब हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को केवल किताबों में नहीं, बल्कि अपने जीवन में भी जगह देंगे।

उनके संबोधन में इगास, हरेला, फूलदेई जैसे पर्वों के साथ पारंपरिक विवाह संस्कारों, लोकनृत्य, लोकगायन और खानपान को बचाने की चिंता भी दिखाई दी। यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि संस्कृति केवल त्योहार मनाने तक सीमित नहीं होती, वह हमारे रहन-सहन, व्यवहार, भाषा और पीढ़ियों से चले आ रहे संस्कारों में भी जीवित रहती है।

एक पत्रकार और अभिभावक के रूप में कहूं तो बंशीधर तिवारी जी के आज के संबोधन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि उन्होंने संस्कृति संरक्षण की बहस को सरकारी योजनाओं और औपचारिक आयोजनों से निकालकर सीधे समाज और परिवार की जिम्मेदारी से जोड़ दिया। प्रशासनिक दायित्वों के बीच अपनी माटी, भाषा, साहित्य और लोकजीवन के प्रति ऐसी चिंता उनके व्यापक सामाजिक दृष्टिकोण को सामने रखती है।

कभी हमारी दादी-नानी की कहानियों में पूरा पहाड़ बसता था। लोरियों में मां की ममता थी, लोकगीतों में हमारी संस्कृति थी और लोककथाओं में पीढ़ियों का अनुभव। आज वही सब धीरे-धीरे हमारे घरों से विदा हो रहा है।

बंशीधर तिवारी जी ने आज जिस सवाल को उठाया, वह वास्तव में हर माता-पिता के लिए है। हम अपने बच्चों को दुनिया की हर आधुनिक सुविधा देना चाहते हैं, उन्हें अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं, सफलता के सपने दिखाते हैं, लेकिन क्या हम उन्हें अपनी माटी की भाषा, अपने पूर्वजों की कहानियां और अपनी संस्कृति की विरासत भी दे पा रहे हैं?

जरा सोचिए, जिस बच्चे ने अपनी दादी की लोककथा नहीं सुनी, जिसने अपनी मां की बोली में लोरी नहीं सुनी, जिसने अपने पहाड़ के लोकगीत नहीं सुने, वह बड़ा होकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से कैसे जुड़ेगा?

आज जरूरत केवल अपनी विरासत पर गर्व करने की नहीं, बल्कि उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की है। बंशीधर तिवारी जी ने अपने संबोधन के माध्यम से इसी जिम्मेदारी का एहसास कराया है।

क्योंकि मकान अगली पीढ़ी के लिए हम बना सकते हैं, संपत्ति भी छोड़ सकते हैं, लेकिन अपनी भाषा, संस्कार और संस्कृति का उत्तराधिकार तभी दे पाएंगे, जब उन्हें अपने बच्चों के जीवन का हिस्सा बनाएंगे।

पहाड़ केवल हमारी जमीन पर नहीं बसता, वह हमारी बोली, हमारे गीतों, हमारी कहानियों और हमारे संस्कारों में बसता है। इसे बचाना है तो सबसे पहले अपने घरों में लौटाना होगा।

यही आज के संबोधन का सबसे बड़ा संदेश है और यही बंशीधर तिवारी जी के चिंतन की वास्तविक खूबसूरती भी

Ankur Singh
Ankur Singhhttps://hilllive.in
Ankur Singh is an Indian Journalist, known as the Senior journalist of Hill Live
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular