रेलवे ने देहरादून-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है। ट्रेन की औपचारिक शुरुआत 28 मई से होगी। यह बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह सात बजे चलेगी। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा ने बताया कि ट्रेन का देहरादून और दिल्ली के बीच सिर्फ पांच स्टॉपेज होंगे.
इनमें हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ शामिल हैं। ट्रेन की अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। वहीं, औसत स्पीड 63.41 तय की गई है। ट्रेन का किराया भी जल्द तय किया जाएगा। बताया जा रहा है कि शताब्दी एक्सप्रेस के मुकाबले किराया 1.2 से 1.3 फीसदी ज्यादा हो सकता है।
देहरादून से चलने वाली सबसे तेज ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस से एक घंटे से भी कम समय में वंदे भारत दिल्ली पहुंच जाएगी। हालांकि शताब्दी एक्सप्रेस को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक चलाया जाता है। जबकि यह ट्रेन आनंद विहार तक ही जाएगी। इस ट्रेन को सफर में 4 घंटे 45 मिनट का समय लगेगा। सुबह 7 बजे दून से रवाना होकर वंदे भारत 11.45 बजे आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वंदे भारत गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से धीमी गति से गुजरेगी।
राजाजी पार्क में सभी ट्रेनों को नियंत्रित गति से गुजारा जाता है। इसमें वंदे भारत के लिए भी गति निर्धारित की गई है। यह ट्रेन 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से इस इलाके से गुजरेगी। जबकि अन्य स्थानों पर इसे अधिकतम निर्धारित गति से चलाया जाएगा। राजाजी पार्क क्षेत्र में शताब्दी एक्सप्रेस के लिए भी यही गति निर्धारित की गई है।
रेलवे ने पहले इस ट्रेन को जनशताब्दी रूट पर चलाने की योजना बनाई थी। इसके लिए ट्रेन को सहारनपुर से चलने की बजाय टपरी रेलवे स्टेशन से होकर चलाना पड़ा। रेलवे ने इसके लिए अधिकारियों को संभावित शेड्यूल भी जारी किया था, लेकिन मीडिया में खबर आने के बाद ट्रेन के स्टॉपेज बदल दिए गए। इससे पहले देहरादून से दिल्ली के बीच सिर्फ तीन स्टॉपेज हरिद्वार, टपरी और मेरठ रखे गए थे।
यह होगा ट्रेन का शेड्यूल
देहरादून से दिल्ली
स्टेशन- समय
देहरादून- 7.00 बजे
हरिद्वार- 8.04 बजे
रुड़की- 8.49 बजे
सहारनपुर- 9.27 बजे
मुजफ्फरगनर- 10.07 बजे
मेरठ- 10.37 बजे
आनंद विहार- 11.45 बजे
दिल्ली से देहरादून
आनंद विहार- शाम 5.20 बजे
मेरठ- 6.38
मुजफ्फरनगर- 7.08
सहारनपुर- 7.55
रुड़की- 8.31
हरिद्वार- 9.15
देहरादून- 10.35
– अभी तक किराया नहीं किया गया है फाइनल