पिथौरागढ़ में शादी वाले घर में दुखद हादसा हो गया। यहां दुल्हन को ससुराल ले जाने आए पांच युवकों की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई. मृतकों में दुल्हन का सगा भाई और एक चचेरा भाई शामिल है। बाकी तीन युवक भी दुल्हन के गांव के रहने वाले थे और रिश्ते में दुल्हन के भाई लग रहे थे. घटना के बाद से गांव में मातम छाया है। एक दिन पहले ही ससुराल में कदम रखने वाली दुल्हन पांच भाइयों की मौत से सदमे में है।
पहाड़ में शादी के बाद दुल्हन की विदाई के वक्त उसके भाई भी बहन को ससुराल तक विदा करने जाते हैं। हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक भी अपनी बहन को विदा करने आए थे, लेकिन एक हादसे ने पांच परिवारों को तबाह कर दिया। जानकारी के मुताबिक बीते दिन सेराघाट से एक बारात गणाई गंगोली के धौलियाइजर कूना गांव में गई थी। विदाई का वक्त आया तो दुल्हन के दो भाई और गांव के तीन अन्य किशोर बहन को छोड़ने के लिए उसके ससुराल गए थे।
बुधवार को ये पांचों युवक शेराघाट रामपुर से करीब आधा किलोमीटर दूर बहने वाली सरयू नदी में नहाने गए थे. उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं था। जिसके चलते पांचों युवक डूबने लगे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने युवकों के रोने की आवाज सुनी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया, लेकिन बचाव अभियान शुरू होने से पहले ही पांचों की मौत हो चुकी थी। हादसे में जान गंवाने वाले किशोरों की पहचान रविंद्र (15 वर्ष) पुत्र गोकुल राम, साहिल (15 वर्ष) पुत्र पूरन राम, मोहित (17 वर्ष) पुत्र अशोक, राजेश (16 वर्ष) पुत्र खीम राम, पीयूष (15 वर्ष) पुत्र कृष्ण कुमार निवासी धौलियाइजर गांव कूना गणाई गंगोली के रूप में हुई।
मृतकों में दुल्हन का सगा और एक चचेरा भाई भी शामिल है। दूसरे युवक भी दुल्हन के भाई लगते थे। घटना के बाद से शादी वाले घर में मातम पसरा है। अपनी शादी के दिन ही पांच भाईयों को खो देने वाली दुल्हन रो-रोकर बेसुध हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।