उत्तराखंड के सीएम तीरथ रावत दिल्ली दौरे पर, संसाधन जुटाने के लिए केंद्रीय मंत्रियों से मिले
देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत इन दिनों प्रदेश के शीर्ष नौकरशाहों के प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली के दौरे पर हैं। राज्य की विकास योजनाओं के लिए और अधिक केंद्रीय सहायता प्राप्त करने की कवायद में जुटे मुख्यमंत्री ने सोमवार को कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की।
उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों के सामने राज्य की जरूरतों और मुद्दों को प्रमुखता से रखा। 11 हिमालयी राज्यों में शामिल उत्तराखंड को विशेष राज्य का दर्जा मिलने से केंद्र से वित्तपोषित योजनाओं में ज्यादा मदद मिल रही है। इन योजनाओं में मुख्यमंत्री राज्य की आवश्यकता के अनुसार अधिक सहायता प्राप्त करने के अभियान में लगे हुए हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जून 2022 के बाद भी राज्य को जीएसटी मुआवजा जारी रखने की वकालत की। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
केंद्र सरकार से राज्य को हर संभव मदद मिल रही है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री से कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद से राज्य को राजस्व का नुकसान हो रहा है। केंद्र इसकी भरपाई कर रहा है।
मुआवजे की अवधि जून 2022 में समाप्त हो रही है। बंद होने पर राज्य की मुश्किलें बढ़ना तय है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंचा है।
इन प्रतिकूल परिस्थितियों और सीमित आर्थिक संसाधनों को देखते हुए, जीएसटी मुआवजे को और पांच साल के लिए बढ़ाने का अनुरोध किया। बैठक में मुख्य सचिव ओमप्रकाश, सचिव अमित नेगी, राधिका झा, शैलेश बगोली समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।