आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को देखते हुए आज शनिवार को राज्य में आचार संहिता लाागू हो गई है। उत्तराखंड में 14 फरवरी को चुनाव होंगे। यह चुनाव एक चरण में होंगे। सभी राज्यों के चुनाव नतीजे मार्च के दूसरे हफ्ते में आ सकते हैं। उत्तराखंड में विधानसभा के चुनावी पर्व की तैयारी पूरी कर ली गई है।
प्रदेश में 70 सीटों पर मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या के मुताबिक, पूरे प्रदेश में 81 लाख 43 हजार 922 मतदाता हैं, जिसमें 42 लाख 24 हजार 288 पुरुष, 39 लाख 19 हजार 334 महिला मतदाता है। पूरे प्रदेश में 93 हजार 964 सर्विस मतदाता हैं।
इस बार 2 लाख 97 हजार 922 नए मतदाता बने हैं और विधानसभा चुनाव में 18 से 19 साल के एक लाख 11 हजार 458 युवा मतदाता बने हैं। मतदान के लिए 11 हजार 647 मतदाता बूथ बनाए गए हैं, जिनमें इस बार मतदान के लिए 635 बूथों को बढ़ाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में चुनावी तैयारियों के बारे में एक अहम बैठक की है। बैठक में चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया गया है। उत्तराखंड निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन का कार्य निपटा दिया है।