केन्द्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग द्वारा आयोजित एवं केन्द्रीय विद्यालय ONGC, देहरादून की मेजबानी में आयोजित 55वीं के.वि.एस. राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026 (फुटबॉल बालक अंडर-17) का आज दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को अम्बेडकर मैदान, ONGC, देहरादून में सफलतापूर्वक समापन हुआ।
28 सितम्बर 2026 से प्रारंभ हुई इस पाँच दिवसीय प्रतियोगिता में के.वि.एस. के 25 संभागों के लगभग 350 युवा फुटबॉल खिलाड़ियों ने 50 एस्कॉर्ट शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह खेल महोत्सव प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और सच्ची खेल भावना का जीवंत मंच बना।
कांस्य पदक मुकाबला –
कांस्य पदक के लिए खेले गए रोमांचक मुकाबले में आगरा संभाग ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गुरुग्राम संभाग को 2-0 से पराजित कर कांस्य पदक पर अधिकार जमाया
फाइनल मुकाबला – रोमांच की पराकाष्ठा
प्रतियोगिता का सबसे आकर्षक और बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला कोलकाता संभाग और चंडीगढ़ संभाग के बीच खेला गया। प्रारंभ से ही दोनों टीमों ने आक्रामक रणनीति, सुदृढ़ रक्षण और बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया। पूरे मैच में दोनों टीमें एक-दूसरे पर हावी होने का प्रयास करती रहीं, लेकिन निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा।
निर्णय के लिए मैच पेनल्टी शूटआउट तक पहुँचा, जहाँ दर्शकों की साँसे थम गईं। हर पेनल्टी के साथ मैदान का रोमांच बढ़ता गया। अंततः कोलकाता संभाग के जर्सी नंबर 03 के खिलाड़ी आंच मुखिया ने अद्भुत आत्मविश्वास और सूझबूझ के साथ अंतिम निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदलकर अपनी टीम को 6-5 से ऐतिहासिक जीत दिलाई और चैंपियनशिप ट्रॉफी कोलकाता के नाम कर दी।
वहीं चंडीगढ़ संभाग के गोलकीपर शादाब सहोता पूरे मैच में दीवार की तरह डटे रहे और कई शानदार गोल बचाकर सबका दिल जीत लिया। अंतिम पेनल्टी के बाद उनकी आँखों में आँसू थे, परंतु पूरे स्टेडियम ने खड़े होकर उनके साहस और उत्कृष्ट गोलकीपिंग को सलाम किया। समारोह में उनके इस जुझारू प्रदर्शन के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
केन्द्रीय विद्यालय अपर कैंप, देहरादून में आयोजित अंडर-14 वर्ग के मैचों में भाग लेने वाली टीमें भी भव्य समापन समारोह में सम्मिलित हुईं। समारोह में कुल 700 प्रतिभागी और 100 एस्कॉर्ट उपस्थित रहे।
समापन समारोह में गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में मनीष मैथानी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी मुख्य अतिथि के रूप में तथा * प्रीति सक्सेना, उपायुक्त, के.वि.एस. देहरादून संभाग मुख्य संरक्षक* के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर सुरजीत सिंह, सहायक आयुक्त, के.वि.एस. देहरादून संभाग, आनंद कुमार, पर्यवेक्षक, के.वि.एस. मुख्यालय तथा अवधेश दुबे, प्राचार्य, केन्द्रीय विद्यालय अपर कैंप ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं राष्ट्रगान से हुआ। इसके पश्चात हरित अभिनंदन, स्वागत गीत, सहायक आयुक्त महोदय द्वारा स्वागत उद्बोधन, उत्तराखंड की संस्कृति को दर्शाता मनमोहक लोक नृत्य, उपायुक्त महोदया द्वारा समापन उद्बोधन, परिणामों की घोषणा, पुरस्कार वितरण, टूर्नामेंट के औपचारिक समापन की घोषणा, ध्वज अवतरण एवं हस्तांतरण, स्मृति चिन्ह भेंट तथा प्राचार्य श्री अवधेश दुबे पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अप्पर कैंप देहरादून द्वारा धन्यवाद ज्ञापन* के साथ कार्यक्रम विधिवत सम्पन्न हुआ।
निष्पक्ष एवं सफल संचालन
यह संपूर्ण प्रतियोगिता उत्तराखंड राज्य फुटबॉल संघ द्वारा नियुक्त 12 अनुभवी रेफरियों के दल द्वारा * तनवीर अहमद, प्रमुख, रेफरी विभाग* के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुई। फाइनल मैच में महेन्द्र सिंह रावत, डी. एस. नेगी, अनीश छेत्री एवं गोहर निसार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उनकी व्यावसायिक दक्षता और निष्पक्ष निर्णयों ने पूरे टूर्नामेंट में निष्पक्ष खेल को सुनिश्चित किया।
समारोह के दौरान कुलदीप सिंह, शारीरिक शिक्षा शिक्षक (लखनऊ संभाग) एवं चेन्नई संभाग के केन्द्रीय विद्यालय DGQA के छात्र युवान कन्ना ने अपने अनुभव एवं संस्मरण साझा किए।
यह प्रतियोगिता केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से आए विद्यार्थियों के बीच एकता, अनुशासन, आपसी सम्मान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम भी बनी।
पाँच दिवसीय यह राष्ट्रीय खेल उत्सव एक यादगार और सुखद अनुभव के साथ सम्पन्न हुआ। सभी एस्कॉर्ट्स एवं प्रतिभागियों ने स्थल प्राचार्य सुशील कुमार धीमान एवं केन्द्रीय विद्यालय ONGC, देहरादून की पूरी टीम को उनके अथक परिश्रम, सुव्यवस्थित प्रबंध और आत्मीय आतिथ्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया



