Friday, November 20, 2026
spot_img
spot_img
Homeउत्तराखंडमुख्यमंत्री धामी ने भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखण्ड दिवस समारोह में...

मुख्यमंत्री धामी ने भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखण्ड दिवस समारोह में किया प्रतिभाग, उत्तराखण्ड पवेलियन का किया शुभारंभ

उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय उत्पादों का सशक्त प्रदर्शन बना आकर्षण का केंद्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर आयोजित उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया तथा पवेलियन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं उत्पादकों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं निहित हैं। राज्य के पारंपरिक उत्पाद न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने के अवसर प्राप्त होते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक कौशल को संरक्षण देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी और युवाओं एवं महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पाद राज्य की विशिष्ट पहचान हैं। इन उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे सभी कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और रचनात्मकता उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ही उत्तराखण्ड को आर्थिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

Ankur Singh
Ankur Singhhttps://hilllive.in
Ankur Singh is an Indian Journalist, known as the Senior journalist of Hill Live
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular