Sunday, November 22, 2026
spot_img
spot_img
Homeउत्तराखंडसुनील की कप्तानी में दून किंग राइडर दूसरी बार बनी चैंपियन सधी...

सुनील की कप्तानी में दून किंग राइडर दूसरी बार बनी चैंपियन सधी गेंदबाजी के दम पर दून किंग राइडर ने फाइनल में दून स्ट्राइकर्स को 36 रन से हराया

उत्तरांचल प्रेस क्लब विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब किया अपने नाम उत्तरांचल प्रेस क्लब विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के फाइनल मुकाबले में दून किंग राइडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून स्ट्राइकर्स को 36 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में शनिवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दून किंग राइडर ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए। जवाब में दून स्ट्राइकर्स की टीम आठ विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी

दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत ने 47 गेंदों में छह चौकों की मदद से

नाबाद 46 रन बनाए, जबकि अनिल डोगरा ने महज 23 गेंदों में सात चौकों की बदौलत नाबाद 39 रन की आक्रामक पारी खेली। मनमोहन शर्मा ने 18 रन का योगदान दिया। दून स्ट्राइकर्स की ओर से अजय राणा ने 17 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि सोबन गुसाईं ने 33 रन देकर एक विकेट हासिल किया

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स की ओर से सोबन गुसाईं ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। अमित शर्मा ने 13 और अरविंद रावत ने 12 रन का योगदान दिया। दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 12 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दून किंग राइडर के कप्तान सुनील कुमार ने 20 रन देकर दो और अनिल डोगरा ने 18 रन देकर एक विकेट लिया

बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करने वाले साकेत पंत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया

दिवंगत पत्रकार विकास धूलिया की स्मृतियों को जीवंत रखने का सराहनीय प्रयास

समापन समारोह में मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और विशिष्ट अतिथि रोशनी धूलिया मौजूद रहीं। इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता सामूहिकता और स्मृतियों को जीवंत रखने का एक बेहतरीन माध्यम है। हम सभी के प्रिय और चहेते विकास धूलिया की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उनके विचारों और व्यक्तित्व को याद करने का अवसर है। उनके विचार और संबंध आज भी हमारी यादों और समाचार पत्रों के विभिन्न अंकों में धरोहर के रूप में मौजूद हैं।

उन्होंने विकास धूलिया को याद करते हुए कहा कि वह बेहद अनुभवी, विनम्र और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। इस क्रिकेट प्रतियोगिता के माध्यम से सभी ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब द्वारा अपने दिवंगत पत्रकार साथियों की स्मृति में इस तरह के आयोजन करना बेहद सराहनीय है। सामान्यतः समय के साथ लोग पुरानी यादों को भूल जाते हैं, लेकिन ऐसे आयोजन उन स्मृतियों को जीवंत बनाए रखते हैं। इसके लिए प्रेस क्लब की पूरी कार्यकारिणी बधाई की पात्र है।

तिवारी ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल का उत्सव नहीं, बल्कि सामूहिकता, मित्रता और पत्रकारिता परिवार की एकता का प्रतीक भी है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, खेल संयोजक सोबन गुसाईं, संप्रेक्षक विजय जोशी, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, मीना नेगी, कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र डंगवाल (पार्थ), रश्मि खत्री, मनोज जयाड़ा, हरीश थपलियाल, हिमांशु जोशी, मनबर रावत, ओम प्रकाश जोशी पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी सहित कई वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे

Ankur Singh
Ankur Singhhttps://hilllive.in
Ankur Singh is an Indian Journalist, known as the Senior journalist of Hill Live
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular