रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के खलियान बांगर और पुजारगांव में आई प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। आपदा के चलते ग्रामीणों के खेत-खलिहान, नगदी फसलें और सब्जियां पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

आपदा के कारण पेयजल योजनाएं, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई नहरें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली पुलिया और संपर्क सड़कें मलबे की चपेट में आने से कई क्षेत्रों का संपर्क बाधित हो गया है। खलियान गांव में एक महिला का आवासीय मकान भी पूरी तरह ध्वस्त हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं कांग्रेस नेता प्रदीप थपलियाल प्रभावित गांवों में पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान प्रदीप थपलियाल ने तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। इसके बाद उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और जल संस्थान की टीमों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।
प्रदीप थपलियाल ने कहा कि इस आपदा ने क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा देने तथा क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों, बिजली, पेयजल और सिंचाई योजनाओं को युद्धस्तर पर बहाल करने की मांग की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाएगी तथा नियमानुसार प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



