Friday, April 10, 2026
spot_img
spot_img
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित

उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित

उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। सूबे के संस्कृत शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज पश्चिम बंगाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़ कर बोर्ड परीक्षओं के परिणाम जारी किये। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण एवं श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। डा. रावत ने बताया कि परीक्षा वर्ष 2026 में कुल 1775 छात्र-छात्राओं ने संस्कृत बोर्ड की परीक्षा दी, जिसमें से इंटरमीडिएट में 88.48 प्रतिशत जबकि हाईस्कूल में 92 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुुये सूबे के संस्कृत शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि संस्कृत बोर्ड परीक्षा का परीक्षा परिणाम समय पर जारी कर दिया गया है। इसके लिये उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं बोर्ड परीक्षा के आयोजन से जुड़े कार्मिकों की जमकर तारीफ की। संस्कृत बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित करने के अवसर पर वर्चुअल माध्यम से जुड़े विभागीय मंत्री डाॅ. रावत ने बताया कि इस वर्ष परिषदीय परीक्षा में कुल 1775 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुये, जिसमें से पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) में 950 जबकि उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) में 825 शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) का कुल परीक्षाफल 92 फीसदी रहा जबकि उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) का रिजल्ट 88.48 फीसदी रहा है। डा. रावत ने परिषदीय परीक्षा में उत्तीर्ण एवं प्रवीणता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के साथ फोन पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की, साथ ही उन्होंने बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने में असफल रहे छात्र-छात्राओं को निराश न होने की बात कही। उन्होंने असफल छात्रों से एक बार फिर से बोर्ड परीक्षओं की तैयारी के लिये जुटने को कहा ताकि बेहतर अंकों के साथ बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण हो सके।

संस्कृत शिक्षा (प्रभारी) निदेशक कंचन देवराड़ी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा का परीक्षाफल आज संस्कृत निदेशालय (देहरादून) में घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि विभागीय मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में इस वर्ष की परिषदीय परीक्षा को तय समय सीमा के अंतर्गत पूरा किया गया और छात्र-छात्राओं की परीक्षाओं का मूल्यांकन कर पारदर्शिता के साथ परीक्षा परिणाम माननीय मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत की वर्चुअल उपस्थिति में घोषित कर दिया गया है। परीक्षा का परीणाम विभागीय वेबसाइट व डीजीलाॅकर पर अपलोड कर दिया गया है, जहां से छात्र-छात्राएं सुविधानुसार अपना-अपना परीक्षा परिणाम देख सकेंगे।

इस अवसर पर सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, सचिव उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद पद्माकर मिश्र, संयुक्त निदेशक संस्कृत शिक्षा मंजू भारती, उप निदेशक संस्कृत शिक्षा वाजश्रवा आर्य तथा उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा जगदीश प्रसाद सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बाॅक्स
संस्कृत बोर्ड परीक्षा में ये रहे अव्वल
उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद की 10वीं बोर्ड परीक्षा की श्रेष्ठता सूची में परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र रूद्रांश उनियाल ने 88.2 फीसदी अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया जबकि 87.4 प्रतिशत अंक हासिल कर गुरूकुल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय ज्वालापुर, हरिद्वार के छात्र प्रिंस पुण्डीर ने द्वितीय स्थान पर प्राप्त किया। वहीं परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र अनमोल तथा दुर्गादत्त कपिलाश्रमी संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय हल्द्वानी के छात्र प्रकाश चन्द्र पाठक ने 86-86 फीसदी अंक लाकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट में श्री जयदयाल अग्रवाल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय श्रीनगर के छात्र सक्षम प्रसाद ने 93.4 प्रतिशत अंक लाकर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वहीं गुरूकुल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय ज्वालापुर हरिद्वार के छात्र अर्जुन कुमार ने 90.8 फीसदी अंक लाकर श्रेष्ठता सूची में दूसरे स्थान प्राप्त किया। जबकि तीसरे स्थान पर द्रोणस्थली आर्ष कन्य गुरूकुल विद्यालय देहरादून की छात्रा अदिति जांगिड़ ने 88.6 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया।

Ankur Singh
Ankur Singhhttps://hilllive.in
Ankur Singh is an Indian Journalist, known as the Senior journalist of Hill Live
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular